ग्रेटर नोएडा में एक और बेटी चढ़ी दहेज की बलि: विवाहिता के परिजनों ने दूसरे जिले से आकर किया हंगामा, पढ़ें पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद दहेज हत्या के आरोपों से मामला गरमा गया। मायके पक्ष ने पति, देवर और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 July 2026, 8:12 AM IST
google-preferred

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए कासना कोतवाली में जमकर हंगामा किया। कई घंटे तक थाने में डटे परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, देवर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वर्ष 2020 में हुई थी दो सगी बहनों की शादी

पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के जावली गांव की रहने वाली दो सगी बहनें तनु और तनीषा की शादी वर्ष 2020 में घंघौला गांव निवासी अमित और सुमित से हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर दोनों बहनों को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार, परिवार में मचा कोहराम

पहले ब्रेजा, फिर स्कॉर्पियो की मांग का आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष ने पहले दहेज में ब्रेजा कार की मांग की थी और बाद में स्कॉर्पियो की मांग करने लगा। आरोप है कि दहेज की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी और इसी को लेकर तनु के साथ अक्सर मारपीट और उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात इसी प्रताड़ना के बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना के बाद थाने में कई घंटे तक चला हंगामा

मृतका की मौत की सूचना मिलते ही गाजियाबाद के जावली गांव से बड़ी संख्या में परिजन घंघौला पहुंचे। उनका आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे। इसके बाद मंगलवार सुबह परिजन कासना कोतवाली पहुंचे और कई घंटे तक थाने में डटे रहे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन और एफआईआर दर्ज होने के बाद परिजन शांत हुए।

भोलेनाथ की आस्था का अनोखा संगम, पत्नी के स्वस्थ होने पर साथ निकले कांवड़ यात्रा पर

पुलिस बोली- हर पहलू की होगी जांच

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला ने फंदा लगाकर जान दी है। हालांकि, मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्णा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Greater Noida

Published :  29 July 2026, 8:12 AM IST

Related News

Advertisement