हिंदी
समीक्षा करते डीएम और मौजूद अधिकारी (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के सामने सख्त रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जिले की रैंकिंग किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मंडी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, गन्ना भुगतान, डूडा आवास, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि संबंधी प्रकरण, आय, जाति और अधिवास प्रमाण-पत्र, धारा-24 एवं 34 के राजस्व वाद, एंटी भू-माफिया अभियान, मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना बीमा योजना, राजस्व वसूली, स्वामित्व योजना, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प और आईजीआरएस समेत कई विभागों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर, इलाज कराकर लौट रही 3 साल की मासूम को बाइक ने रौंदा; चालक फरार
बैठक के दौरान डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि बड़े बकायेदारों से नियमित संपर्क कर राजस्व वसूली अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि संग्रह अमीनों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जाए और यदि कोई कर्मचारी लापरवाही करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही धारा-24 एवं 34 के लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को बकाया कर एवं शुल्क की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक बकायेदार योजना का लाभ उठाकर अपना बकाया जमा कर सकें। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को नगर निकायों के साथ प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित करने और उसकी कार्यवृत्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि समीक्षा बैठकों से अनुपस्थित रहना और सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला आबकारी अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 28 July 2026, 7:56 PM IST
Topics : CM dashboard DM Gaurav Singh Sogarwal Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Revenue recovery Uttar Pradesh News