
गोरखपुर: जनपद के गोलाबाजार क्षेत्र के बारीडीहा मोहल्ले में गुरुवार को दर्दनाक घटना में एक 16 वर्षीय किशोर की जामुन के पेड़ से गिरकर किशर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक 16 वर्षीय दुर्गेश मौर्य, वार्ड नंबर 4 बारीडीहा निवासी रामानुज मौर्य का इकलौता पुत्र था। बेटे की असमय मृत्यु ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों और परिवारजनों ने बताया गुरुवार की दोपहर दुर्गेश अपने घर के पास स्थित सरकारी नलकूप परिसर में लगे जामुन के पेड़ पर चढ़ा था। वह पेड़ की ऊँचाई पर बैठकर जामुन तोड़ रहा था। तभी अचानक एक मोटी डाल टूट गई और दुर्गेश भी उसी के साथ नीचे जमीन पर आ गिरा। गिरने की चोट इतनी गंभीर थी कि वह वहीं अचेत हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और परिजन उसे तुरंत पास के चिकित्सक के पास लेकर गए। लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टर ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गई, वहीं पिता रामानुज मौर्य का रो-रो कर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है, क्योंकि दुर्गेश न सिर्फ होनहार छात्र था, बल्कि अपने शांत स्वभाव के लिए भी जाना जाता था।
परिजनों ने शुक्रवार को दुर्गेश की अंत्येष्टि सरयू नदी के तट पर गमगीन माहौल में की। मृतक की असमय मृत्यु ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है। लोग अब भी इस हादसे पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।
दुर्गेश की असमय मौत ने न केवल उसके माता-पिता का सहारा छीन लिया, बल्कि समाज को यह भी याद दिला दिया कि छोटे-छोटे जोखिम भी कभी-कभी जीवन पर भारी पड़ सकते हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 19 June 2025, 7:14 PM IST