रामगढ़ताल में दर्दनाक हादसा: स्पीड बोट की टक्कर से युवक की मौत, पिता-पुत्र समेत 2 घायल

शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल में रविवार रात नौका विहार के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। रात करीब 8:45 बजे ताल में चल रही एक सामान्य नाव को पीछे से तेज रफ्तार स्पीड बोट ने जोरदार टक्कर मार दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 July 2026, 12:07 AM IST

Gorakhpur: शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल में रविवार रात नौका विहार के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। रात करीब 8:45 बजे ताल में चल रही एक सामान्य नाव को पीछे से तेज रफ्तार स्पीड बोट ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि नाव में सवार 21 वर्षीय युवक पानी में जा गिरा, जबकि उसके पिता और एक मासूम बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद ताल किनारे अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोतीचक स्थित अजीजनगर गांव निवासी कयामुद्दीन अंसारी अपने परिवार के 12 सदस्यों के साथ रविवार को रामगढ़ताल घूमने आए थे। सभी लोग प्लेटफॉर्म नंबर-5 से एक सामान्य नाव में सवार होकर ताल का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक स्पीड बोट ने उनकी नाव को जोरदार टक्कर मार दी।

स्पीड बोट हादसे में पिता-पुत्र घायल

हादसे में कयामुद्दीन अंसारी के 21 वर्षीय पुत्र लखमुद्दीन अंसारी संतुलन बिगड़ने से सीधे पानी में गिर गए। वहीं कयामुद्दीन अंसारी के हाथ में गंभीर चोट आई और उनका बेटा हमजा भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया।

गोरखपुर में शादी की तैयारी के बीच बड़ी चोरी, जेवर और नकदी किसने उड़ाई?

परिजनों की चीख-पुकार सुनकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद नाव संचालक और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल दूसरी नाव से मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद लखमुद्दीन अंसारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कयामुद्दीन अंसारी और हमजा का उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रामगढ़ताल में हुई इस घटना ने नौका विहार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्पीड बोट की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे सामान्य नाव को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

गोरखपुर में ग्राउंड रिपोर्ट सुधरने तक कोई राहत नहीं! 7 दरोगा समेत 42 पुलिसकर्मियों का तबादला, जानें वजह

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और स्पीड बोट चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 July 2026, 12:05 AM IST