गोरखपुर के रामजानकी मार्ग पर एक ही दिन में दो हादसे, वृद्ध की मौत के बाद डिवाइडर पर चढ़ा बालू लदा ट्रेलर; मची अफरा-तफरी

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बुधवार को एक के बाद एक दो सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। पहले एक वृद्ध की जान चली गई और फिर भीटी गांव के पास बालू लदा तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 November 2026, 8:49 PM IST

Gorakhpur: रामजानकी मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला। गोला थाना क्षेत्र के उपनगर के ग्राम भीटी के पास बारा नगर पेट्रोल पंप के नजदीक मोरंग बालू लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। संयोग अच्छा रहा कि ट्रेलर की चपेट में कोई राहगीर या दूसरा वाहन नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा ट्रेलर

जानकारी के अनुसार, बुधवार अपराह्न करीब दो बजे मोरंग बालू लदा ट्रेलर बड़हलगंज की तरफ से गोला की ओर आ रहा था। इसी दौरान भीटी गांव के पास बारा नगर पेट्रोल पंप के नजदीक अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार में लहराते हुए ट्रेलर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चालक की लापरवाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद वह वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला।

ये भी पढ़ें- दीपावली पर हादसों से निपटने की तैयारी तेज, सहारनपुर में पटाखा गोदामों पर चला अग्निशमन विभाग का चाबुक

नींद या नशे में था चालक?

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर वाहन बिहार में पंजीकृत है और उस पर विनायक ट्रेवल का नाम दर्ज है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि चालक को नींद आने या नशे की हालत में होने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि, चालक की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल गोला पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को डिवाइडर से हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। देर शाम तक ट्रेलर को हटाने का प्रयास जारी था। थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय ने बताया कि वाहन स्वामी को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को डिवाइडर से नीचे उतरवाने की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम, शिवपुर घाट पर मिलेंगी ये विशेष सुविधाएं

लगातार हुए दो हादसे

गौरतलब है कि रामजानकी मार्ग पर बुधवार को एक ही दिन में दो सड़क हादसे हुए। इससे पहले एक हादसे में वृद्ध की जान चली गई थी। वहीं, दोपहर में बालू लदे ट्रेलर के डिवाइडर पर चढ़ने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। लगातार हुए हादसों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 November 2026, 8:45 PM IST