हिंदी
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने सरया तिवारी अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
आरोपी गिरफ्तार (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। आखिरकार मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, धारा 69 बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आरोपी गुलाब चन्द्र बेलदार को 24 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी सरया तिवारी अंडरपास के पास सुबह करीब 10:15 बजे की गई। पुलिस को पहले से सूचना थी कि आरोपी इलाके में ही छिपा हुआ है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिनी ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने विवाह की बात कही तो आरोपी मुकर गया। शिकायत के आधार पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने लिया एक्शन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयन्त सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, कांस्टेबल योगेश प्रजापति और कांस्टेबल राजेश वर्मा शामिल रहे। सक्रिय प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।