हिंदी
रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में 21 फरवरी 2026 की रात आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिला कलाकार निशा उपाध्याय के साथ अभद्रता और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
आरोपी पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
Gorakhpur: रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में 21 फरवरी 2026 की रात आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिला कलाकार निशा उपाध्याय के साथ अभद्रता और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है और कलाकार समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम रात लगभग 11:30 बजे चल रहा था। उसी दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान मुकेश साहू के रूप में बताई जा रही है, कुछ अन्य लोगों के साथ मंच के समीप पहुंचा और कलाकार के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि विरोध करने पर धमकी भी दी गई। कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि घटना से वह मानसिक रूप से आहत हैं और उन्हें तथा उनके परिवार को असुरक्षा का एहसास हो रहा है। वायरल वीडियो में कार्यक्रम के दौरान का माहौल और कलाकार की असहज स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जानी बाकी है।
मंगलवार को निशा उपाध्याय वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष उपाध्याय के साथ संबंधित अधिकारियों से मिलीं और कैंट थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच भी की जा रही है।
गोरखपुर में सनसनीखेज हत्याकांड केस में बड़ा अपडेट, पति-पत्नी को दी गई ये बड़ी सजा
स्थानीय कलाकार संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि महिला कलाकारों की सुरक्षा के लिए आयोजकों और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मुक़दमा पंजीकृत किया गया है ,जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।