19 मुकदमों वाले कुख्यात लादेन का खात्मा, गोरखपुर में पुलिस पर फायरिंग करने वाला इनामी एनकाउंटर में दबोचा

गोरखपुर के खजनी में देर रात पुलिस और 15 हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हुआ। आरोपी पर हत्या और लूट के 19 मुकदमे दर्ज हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 9:04 AM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी पर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

चेकिंग के दौरान रोकने पर पुलिस टीम पर झोंका फायर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात करीब 3:20 बजे खजनी थाना पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और तेजी से भागने लगा।

Gorakhpur: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गोरखपुर की घटना ने सबको कर दिया स्तब्ध

पुलिसकर्मियों ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से बेखौफ पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक गोली सीधे बदमाश के पैर में जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।

कुख्यात लादेन के रूप में हुई पहचान, 19 आपराधिक केस हैं दर्ज

गोली लगने के बाद पस्त हुए बदमाश को पुलिस ने तुरंत अपने नियंत्रण में ले लिया। पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान खजनी थाना क्षेत्र के भीटी खोरिया निवासी जितेंद्र पासवान उर्फ 'लादेन' के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जितेंद्र पासवान क्षेत्र का बेहद कुख्यात अपराधी है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसी संगीन धाराओं में विभिन्न थानों में करीब 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल ही में रंगदारी के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।

असलहा बरामद, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

मुठभेड़ के तुरंत बाद घायल बदमाश को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध असलहा, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

गोरखपुर में कोर्ट का बड़ा एक्शन, गैर-इरादतन हत्या मामले में दोषी को मिली कड़ी सजा

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा पुलिस का अभियान

पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जिले में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को और तेज किया जाएगा। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल के दिनों में जितेंद्र पासवान किन-किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और उसके नेटवर्क में कौन-कौन से अन्य लोग जुड़े हुए हैं। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 August 2026, 9:04 AM IST