एम्स में मरीजों के मोबाइल कौन कर रहा था चोरी? पुलिस ने खोला बड़ा राज

गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में पुलिस ने मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 July 2026, 6:13 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में पुलिस ने मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में सक्रिय मोबाइल चोरों पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

पुलिस के अनुसार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष एम्स के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशी पाण्डेय अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रही थीं।

इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिल पूछताछ में किया खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एम्स अस्पताल में दूर-दराज से इलाज कराने आने वाले मरीज और उनके परिजन थकान के कारण अस्पताल परिसर या आसपास सो जाते थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी उनके मोबाइल चोरी कर लेते थे। इसके बाद मोबाइल का लॉक खुलवाकर उन्हें बेच देते थे और अवैध रूप से धन कमाते थे।

गोरखपुर में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, बिहार तक फैला नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी अविनाश कुमार, महेरवा की बारी निवासी भोलू सिंह तथा विशुनपुरवा निवासी योगेन्द्र चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गोरखपुर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना एम्स में मुकदमा अपराध संख्या 215/2026, धारा 317(2), 61(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 July 2026, 6:10 AM IST