हिंदी
गोरखपुर में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा
Gorakhpur: गोरखपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शाहपुर पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से चोरी की गई एक स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई विशेष उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी निमिष पाटील ने किया।
एसपी सिटी ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जनपद निवासी दिलीप कुमार चौहान, मुन्ना हासनी और दीपक यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने संगठित तरीके से वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को थाना शाहपुर क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो चोरी होने की घटना सामने आई थी,
जिसके संबंध में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान चोरी की स्कॉर्पियो, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और लॉक तोड़ने व वाहन स्टार्ट करने में इस्तेमाल होने वाले विशेष टूल्स बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बिहार ले जाया जाता था, जहां उनका उपयोग प्रतिबंधित शराब की तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब गिरोह के व्यापक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
मुख्य आरोपी दिलीप कुमार चौहान का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा, बल्कि प्रदेश से बाहर तक फैले अपराधियों के नेटवर्क का भी खुलासा होने की संभावना है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 July 2026, 2:01 AM IST