हिंदी
विवाहिता ने पति और सास पर दर्ज कराया केस
गोरखपुर: गोला थाना क्षेत्र के ग्राम भरसरा में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता कंचन पत्नी सूरज ने पुलिस को दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के कुछ ही महीनों में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के मुताबिक, कंचन ने बताया कि उसकी शादी 28 मई 2025 को सूरज पुत्र सुबाष निवासी ग्राम भरसरा, गोला गोरखपुर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक मोटरसाइकिल, एक तोले की सोने की अंगूठी और एक लाख रुपये नगद दहेज के रूप में दिए थे। शुरुआती एक महीने तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे उसके पति और सास का व्यवहार बदल गया।
DN Exclusive: महर्षि वाल्मीकि के नाम पर क्यों बनाया गया अयोध्या एयरपोर्ट? जानें ये खास वजह
मानसिक रूप से प्रताड़ित
पीड़िता के अनुसार, पति सूरज और सास ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया और आए दिन उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कंचन ने आरोप लगाया कि बीते 4 अक्टूबर को उसका पति शराब के नशे में घर आया और मामूली बात पर उसे बेरहमी से पीट दिया। इसी दौरान सास ने भी उसका साथ देने के बजाय लात-घूंसों से मारपीट की। किसी तरह वह जान बचाकर घर से निकलकर थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की जांच शुरू
थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तत्काल कार्रवाई की गई है। पति सूरज और उसकी मां के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा और कानूनी सहायता भी प्रदान की जा रही है।
UP Crime: गोरखपुर में दहेज हत्या के खिलाफ पुलिस सख्त, दो पर गिरी गाज
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंचन की शादी बड़ी धूमधाम से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों में उसके जीवन में कलह ने घर कर लिया। मामले के प्रकाश में आने के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
Location : गोरखपुर
Published : 7 October 2025, 8:12 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News police UP News