

महिला सशक्तिकरण अभियान के फेज-5 के अंतर्गत सोमवार को खुटहना ग्राम पंचायत में नारी शक्ति संग संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसी भी महिला को यदि समस्या आती है तो वह सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर सकती हैं। पढिए पूरी खबर
गोरखपुर: महिला सशक्तिकरण अभियान के फेज-5 के अंतर्गत सोमवार को खुटहना ग्राम पंचायत में नारी शक्ति संग संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत खुटहना के प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट रुद्र प्रताप सिंह के जन पंचायत कार्यालय पर पहुंचीं क्षेत्राधिकारी खजनी शिल्पा कुमारी ने महिलाओं को सुरक्षा, कानून और शासन की जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
क्या है पूरी खबर
जानकारी के मुताबिक, सीओ खजनी शिल्पा कुमारी ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए शासन व प्रशासन हर समय तत्पर है। किसी भी महिला को यदि समस्या आती है तो वह सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर सकती हैं। यह हेल्पलाइन 24 घंटे जनता की आकस्मिक समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध है। कॉल के बाद संबंधित अधिकारी और पुलिस स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिला संबंधी अपराधों में पीड़िता का नाम गुप्त रखा जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अपराधों से बचने के लिए जागरूक
सीओ ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई भी बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड या अन्य साइबर अपराध की घटना होती है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। इससे खाता तुरंत ब्लॉक हो जाएगा और धोखाधड़ी से बचाव संभव होगा। वहीं, स्वास्थ्य और प्रसूति संबंधी आपात स्थितियों में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा चौबीसों घंटे जनता की सेवा में उपलब्ध है।
गांव और समाज सुरक्षित व सशक्त बने
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या छिपाएं नहीं। “महिलाओं की सुरक्षा केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। जब महिलाएं सुरक्षित रहेंगी तभी गांव और समाज सुरक्षित व सशक्त बन पाएगा,”
UP Crime: फतेहपुर में अश्लील टिप्पणी करना पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मौके पर प्रधान संघ जिला अध्यक्ष एडवोकेट रुद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के जागरूकता संवाद से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि रावतदादी गणेश यादव, उप निरीक्षक जयराम यादव, उप निरीक्षक रामावतार यादव, महिला आरक्षी नेहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और नारी शक्ति मौजूद रही। यह संवाद कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के संदेश को धरातल तक ले जाने का सफल प्रयास साबित हुआ।