
खजनी में गैस पर बवाल
Gorakhpur: खजनी तहसील क्षेत्र में मंगलवार को घरेलू गैस सिलेंडर वितरण को लेकर जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। क्षेत्र स्थित माँ दुर्गा भारत गैस एजेंसी पर तड़के करीब 4 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग गए थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी वितरण शुरू न होने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है पूरी खबर?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एजेंसी पर गैस की भारी किल्लत है और मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और कुछ लोगों को प्राथमिकता देकर सिलेंडर दिया जा रहा है। यही नहीं विक्रम वाहन के जरिए सिलेंडर वितरण किए जाने को लेकर भी लोगों ने कड़ा विरोध जताया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
आक्रोशित होकर हंगामा
देखते ही देखते उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कई लोग आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद वितरण कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
एजेंसी मालिक टप्पू रॉय ने बताया कि गैस की सप्लाई लगातार कम मिल रही है, जबकि उपभोक्ताओं की संख्या काफी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि करीब 45 दिनों से बुकिंग लंबित चल रही है, जिससे लोगों में नाराजगी स्वाभाविक है। वहीं, थाना प्रभारी खजनी ने बताया कि गैस वितरण को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसे समय रहते शांत करा दिया गया। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Video Story: बराबरी की हिस्सेदारी पर अड़ी महिलाएं, मुजफ्फरनगर में 50% आरक्षण की मांग ने पकड़ा जोर
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था की पोल खोल दी है, जहां उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ऐसे हालात दोबारा पैदा हो सकते हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 21 April 2026, 1:53 PM IST
Topics : Gorakhpur News Khajni Latest News UP News