गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट का बड़ा खुलासा: वांछित आरोपी प्रवीण जायसवाल गिरफ्तार, फिर क्या हुआ?

गोरखपुर में विशेष अभियान के तहत राजघाट पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित प्रवीण कुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया। आरोपी पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 January 2026, 7:36 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजघाट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित कुख्यात अभियुक्त प्रवीण कुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के साथ-साथ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

विशेष अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजघाट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थाना राजघाट पर पंजीकृत मु0अ0सं0 254/2025 के तहत धारा 2(b)(i)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

कौन है प्रवीण कुमार जायसवाल?

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रवीण कुमार जायसवाल पुत्र स्वर्गीय ईश्वरचन्द्र जायसवाल निवासी ठठराई, मेहदावल, जनपद संतकबीर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार प्रवीण लंबे समय से पुलिस की नजर में था और उसके खिलाफ कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गोरखपुर: गोला में सरेआम शर्मनाक हरकत…छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले

राजघाट थाना

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रवीण जायसवाल पर वर्ष 2025 में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में थाना रामगढ़ताल, गोरखपुर में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी, अमानत में खयानत, आपराधिक धमकी और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।

इसके पहले वर्ष 2019 में लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में भी आरोपी पर आईटी एक्ट सहित धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के आरोप लगे थे।

पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

राजघाट पुलिस की इस कार्रवाई से जनपद में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में किसी भी सूरत में संगठित अपराध और गैंग गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान के तहत अपराधियों की लगातार निगरानी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी रहेगी। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम का नाम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक मृत्युंजय राय, मुख्य आरक्षी पवन प्रसाद एवं आरक्षी सोनू प्रसाद शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहनीय बताया है और टीम को शाबाशी दी है।

गोरखपुर: बड़हलगंज फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत से मचा कोहराम

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान और पूछताछ की जा रही है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 18 January 2026, 7:36 PM IST