UP Crime: घोर कलयुग! बेटा बना कातिल, सोते पिता को बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट

गोरखपुर गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद टोला नौका में पिता की निर्मम हत्या कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

Updated : 18 June 2026, 8:54 PM IST
Gorakhpur:  गोरखपुर गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद टोला नौका में पिता की निर्मम हत्या कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा जे.पी. पाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसी क्रम में उपनिरीक्षक सचिन जायसवाल और उपनिरीक्षक अजय कुमार मौर्य ने पुलिस टीम के साथ हत्या के आरोपी गोलू कन्नौजिया पुत्र ब्रम्हदेव कन्नौजिया निवासी जंगल अयोध्या प्रसाद टोला नौका, थाना गुलरिहा को गिरफ्तार कर लिया।

पूरे इलाके में हड़कंप 

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने ही पिता ब्रम्हदेव कन्नौजिया की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गुलरिहा में मुकदमा संख्या 481/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।

आरोपी की तलाश में लगातार दबिश

पुलिस जांच के दौरान आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। गुरुवार को पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि पिता की हत्या की इस घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर कर रख दिया था। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जे.पी. पाल, उपनिरीक्षक सचिन जायसवाल, उपनिरीक्षक अजय कुमार मौर्य, कांस्टेबल हेमंत कुमार, आरक्षी सतीश कुमार तथा आरक्षी अनुप कुमार शुक्ला शामिल रहे

Location :  गोरखपुर

Published :  18 June 2026, 6:46 PM IST