जमीन का बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दंपती को झंगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने पीड़ित से बैंक के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 36 लाख 50 हजार रुपये ले लिए, लेकिन तय जमीन का बैनामा नहीं किया। पढिए पूरी खबर

दंपती गिरफ्तार
Gorakhpur: जमीन का बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दंपती को झंगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित से बैंक के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में कुल 36 लाख 50 हजार रुपये ले लिए, लेकिन तय जमीन का बैनामा नहीं किया। जब पीड़ित ने पैसे वापस करने या बैनामा कराने की मांग की तो उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनुप कुमार सिंह के नेतृत्व में झंगहा पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजू निषाद और उसकी पत्नी संध्या देवी को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की तलाश शुरू
गिरफ्तार अभियुक्त राजू निषाद पुत्र गामा निषाद और अभियुक्ता संध्या देवी पत्नी राजू निषाद दोनों गहिरा केवटान टोला थाना झंगहा जनपद गोरखपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार इन लोगों ने जमीन का बैनामा कराने का भरोसा देकर पीड़ित से बड़ी रकम ले ली थी, लेकिन बाद में न तो बैनामा किया और न ही पैसा लौटाया। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर झंगहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनुप कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक सौरभ कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रफीउल्लाह और महिला कांस्टेबल रीतु यादव शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जमीन से जुड़े किसी भी सौदे में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही लेन-देन करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके। पुलिस का यह भी कहना है कि जिले में धोखाधड़ी और जमीन से जुड़े अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।