
गोरखपुर में लापता बच्ची को लेकर मचा हड़कंप
Gorakhpur: जनपद गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक 9 वर्षीय बालिका के गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से जहां परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना चिलुआताल पहुंचकर तहरीर दी कि उसकी 9 वर्षीय पुत्री अचानक घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चिलुआताल में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 580/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थाना चिलुआताल पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। पुलिस ने संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बच्ची की तलाश तेज कर दी।
लगातार प्रयासों और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने महज दो घंटे के भीतर गुमशुदा बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आलोक चौबे, सच्चिदानंद पांडे, आनंद द्विवेदी, नरेश सिंह, विनय सिंह, ज्ञानचंद तथा विशाल श्रीवास्तव सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गोरखपुर पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी बच्चे के गुम होने जैसी घटना सामने आए तो परिजन समय गंवाए बिना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। समय पर मिली जानकारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ऐसे मामलों में बच्चों को शीघ्र और सुरक्षित बरामद करने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
Location : Gorakhpur
Published : 31 July 2026, 11:30 PM IST