बलरामपुर में खून से लाल हुआ घर, दंपती और दो बच्चों की मौत के पीछे कौन?

बलरामपुर में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। एक ही घर में चार लोगों को गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुटी है। प्राथमिक आशंका हत्या के बाद खुदकुशी की जताई जा रही है, हालांकि पूरी वजह जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिला स्थित कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव (गोसाई पुरवा) में शुक्रवार को एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गाँव के ही एक मकान के भीतर गोली लगने से परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय बजरंग गिरी, उनकी 25 साल की पत्नी कोमल, तीन वर्ष की मासूम बेटी श्रद्धा और महज 10 महीने का बेटा जयदीप के रूप में हुई है।

​घटना की खबर सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और स्थानीय पुलिस बल के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस की कार्रवाई

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे घटनास्थल को सील करके गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके से दो देसी तमंचे और कारतूसों के कई खाली खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है। शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​शुरुआती तौर पर पुलिस इस मामले को सामूहिक हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका से जोड़कर देख रही है। प्राथमिक कयासों के मुताबिक, बजरंग गिरी ने संभवतः पहले अपनी पत्नी और दोनों अबोध बच्चों को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक शुरुआती बिंदु है और असली वजहों का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

बलरामपुर सदर तहसील में लेखपालों का बेमियादी धरना, एसडीएम पर अभद्रता का आरोप; राजस्व कार्य ठप

मृतक के भाई ने बताया

मृतक के भाई रामकुमार गिरी ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। जब वे पहुंचे तो चारों सदस्य खून से लथपथ पड़े हुए थे। स्वजनों ने इस खौफनाक कदम के पीछे की किसी भी स्पष्ट वजह से अनभिज्ञता जताई है।

सवारी बनकर आया, मालिक बनकर उड़ाया; बलरामपुर के शातिर ऑटो लिफ्टर के होश उड़ाने वाले कारनामे

मामले में पुलिस का बयान

फिलहाल पुलिस ने बजरंग के दोनों भाइयों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा, मामले की तह तक पहुंचने के लिए मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स, परिवार की वित्तीय स्थिति और सामाजिक पृष्ठभूमि समेत सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी। उधर, इस भयावह त्रासदी के बाद से गोसाई पुरवा समेत पूरे जिले में शोक का माहौल व्याप्त है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Location :  Balrampur

Published :  31 July 2026, 10:39 PM IST

Advertisement