गोरखपुर में पोखरी नीलामी के दौरान बवाल, दो पक्ष में जमकर चले लात-घूंसे

जनपद के खजनी तहसील परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पोखरी की नीलामी के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गोरखपुर:  जनपद के खजनी तहसील परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पोखरी की नीलामी के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। नीलामी स्थल पर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे पूरे तहसील परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर मौजूद नीलामी अधिकारी नायब तहसीलदार हरीश यादव को अपनी कुर्सी छोड़कर वहां से हटना पड़ा।

ये है पूरी घटना

मामला खजनी थाना क्षेत्र के झरकटहा गांव स्थित पोखरी संख्या 42 (ग) झारकटहाँ की नीलामी से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक इस पोखरी की नीलामी को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और हर बार किसी न किसी कारण से प्रक्रिया टलती रही है। बुधवार को एक बार फिर नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें एक पक्ष से दयाराम, परशुराम और राजू पुत्र रमाकांत बोली लगाने पहुंचे थे।

वहीं दूसरे पक्ष से राजीव उर्फ ‘हिटलर’, जो पेशे से सफाईकर्मी बताया जा रहा है, अपने साथियों के साथ मौके पर मौजूद था।

लोगों के बीच भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीलामी की प्रक्रिया शुरू होते ही दूसरे पक्ष द्वारा आपत्ति जताई गई और आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर नीलामी में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। तहसील परिसर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

Dhurandhar 2 collection: ‘धुरंधर 2’ की आंधी में उड़े आमिर खान और रणबीर कपूर के रिकॉर्ड, जानें 6 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है। घटना के बाद एक पक्ष के दयाराम पुत्र रमाकांत ने खजनी थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने नीलामी प्रक्रिया को बाधित करते हुए उनके साथ मारपीट की।

पहले हवन, फिर खून और दफन… बागपत की ये कहानी किसी फिल्म से कम नहीं; सच जानकर रह जाएंगे दंग

पुलिस की कार्रवाई

वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की भूमिका की पड़ताल कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। उक्त मामले में एसडीएम ख़जनी राजेश प्रताप सिंह ने कहा नीलामी में विवाद हुआ है जांच कर कार्रवाई की जाएगी ।

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 25 March 2026, 6:38 PM IST

Advertisement