
गोरखपुर: गोला थाना क्षेत्र के दुरई बारानगर गांव में रविवार दोपहर पंचायत के ठीक बाद दो पक्षों में हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पंचायत खत्म होते ही एक पक्ष पर दूसरे पक्ष द्वारा हमले का आरोप लगाया गया है। मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
पीड़ित राजीव ने बताया घटनाक्रम
दुरई बारानगर निवासी राजीव पुत्र मिठाई ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे उनके ही दरवाजे पर दोनों पक्षों और गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। किसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से की गई यह पंचायत शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। लेकिन जैसे ही गांव के लोग वहां से हटने लगे, तभी अचानक विपक्षी पक्ष के लोग उन पर टूट पड़े।
राजीव के मुताबिक गनेश पुत्र रामटहल, सनी पुत्र गनेश, जितेंद्र पुत्र स्व. पारसनाथ और दुर्गा पत्नी जितेंद्र ने अचानक उन्हें घेरकर पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी पुष्पा और भाई की पत्नी पुष्पा को भी आरोपियों ने बेरहमी से मारा-पीटा। हमले में राजीव के सिर में गंभीर चोट आ गई, वहीं उनकी भाभी पुष्पा को भी कई जगह चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
राम मंदिर के शिखर पर PM Modi द्वारा फहराया गया पवित्र धर्म ध्वजा, देखें इसकी खास तस्वीरें
गांव में दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच
अचानक हुए इस हमले से गांव में दहशत फैल गई। पंचायत में मौजूद रहे लोगों ने भी घटना पर हैरानी जताई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भेजा। राजीव का सिर फटने के कारण हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना ने एक बार फिर ग्रामीण विवादों में पंचायत के बाद बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत का उद्देश्य समाधान होता है, लेकिन दुरई बारानगर जैसी घटनाएं शांति व्यवस्था पर चुनौती बनकर सामने आती हैं। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
Location : गोरखपुर
Published : 25 November 2025, 3:00 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP Police