उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से फायरिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अब इस जानलेवा फायरिंग करने के मामले में रामगढ़ताल पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई अवैध चीजे बरामद की है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

फायरिंग करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur: पैसे के विवाद में युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में रामगढ़ताल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक्सयूवी वाहन भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थाना रामगढ़ताल पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सोनभद्र में प्यार या धोखा? सोशल मीडिया दोस्ती से कोर्ट मैरिज तक, पहले से शादीशुदा ने धर्म बदलाकर…
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंकज शाही निवासी महुआपार थाना बड़हलगंज, युवराज सिंह उर्फ राज निवासी ठठौली थाना गगहा, सर्वेश उर्फ राहुल सिंह निवासी कोठा थाना गगहा तथा लालू यादव निवासी मसान पाकत बांसुडीला थाना गगहा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक्सयूवी वाहन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार घटना 10 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। वादी के मुताबिक, आरोपी पंकज शाही ने उसे और उसके एक मित्र को पैसा लौटाने के बहाने बुलाया था। जब दोनों मौके पर पहुंचे तो वहां पंकज अपने साथियों राहुल सिंह, युवराज सिंह और एक अन्य व्यक्ति के साथ मौजूद था। आरोप है कि पैसा लौटाने की बात पर विवाद हो गया और आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली वादी के मित्र के पैर में लग गई। इसके बाद सभी आरोपी धमकी देते हुए एक्सयूवी वाहन से मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना रामगढ़ताल में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की और अंततः चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में मारपीट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी चिड़ियाघर उपनिरीक्षक चन्दन सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक छोटेलाल राय, उपनिरीक्षक राम सिंह, विशाल शुक्ला सहित थाना रामगढ़ताल, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।