रेलवे स्टेशन के टावर पर बच्चों संग चढ़ी महिला, क्या थी ऐसी जिद कि 4 घंटे तक थमी रहीं सांसें?

रेलवे स्टेशन पर एक महिला दो बच्चों के साथ 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस और RPF महिला को समझाने में जुटी रही।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 3 July 2026, 4:47 PM IST
google-preferred

Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने दो बच्चों के साथ रेलवे के ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला कई घंटों तक टावर पर बैठी रही और अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की मांग करती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंच गईं और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।

150 फीट ऊंचे टावर पर बैठी रही महिला

जानकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार पथार निवासी गीता देवी अपने दो बच्चों के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित लगभग 150 फीट ऊंचे रेलवे टावर पर चढ़ गईं। बताया जा रहा है कि महिला कई घंटों तक टावर पर बैठी रही और नीचे आने से इनकार करती रही।

प्रेमी पर खर्च न देने और साथ न रखने का आरोप

महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। वहीं, उसने अपने कथित प्रेमी राम अकबाल सिंह पर साथ न रखने और खाने-पीने का खर्च न देने का आरोप लगाया है। महिला टावर पर बैठकर लगातार प्रेमी के साथ रहने की मांग करती रही।

पुलिस और RPF ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, GRP और RPF की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारी लगातार महिला को समझाने का प्रयास करते रहे ताकि उसे और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। रेलवे स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।

पहले भी टावर पर चढ़ चुकी है महिला

बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब महिला इस तरह टावर पर चढ़ी हो। जून महीने में भी वह एक अन्य स्थान पर लगे टावर पर चढ़ गई थी, जहां पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।

पहले दर्ज करा चुकी है मुकदमा

जानकारी के मुताबिक, महिला ने इसी वर्ष मार्च में अपने कथित प्रेमी के खिलाफ शारीरिक शोषण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके बावजूद अब वह उसी व्यक्ति के साथ रहने की मांग कर रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता महिला और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना है।

RPF अधिकारी ने दी जानकारी

RPF प्रभारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि महिला सुबह से टावर पर चढ़ी हुई है और पुलिस व RPF की टीमें लगातार उसे समझाने में जुटी हैं। बचाव कार्य जारी है और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Gonda

Published :  3 July 2026, 4:47 PM IST

Advertisement