पहले हाथ में 7 बार लिखा राधे-राधे, फिर बनाया दिल और अंत में दे दिया मौत से इस्तीफा, पढ़ें मेरठ की दिल दहलाने वाली खबर

मेरठ के परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर में एक 30 वर्षीय फैक्ट्री मजदूर सुभाष पांडेय का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। हैरान करने वाली बात यह रही कि उसने सुसाइड नोट कागज के बजाय अपने ही बाएं हाथ पर लिखा था, जिसमें मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 July 2026, 4:19 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक ने कागज पर नहीं, बल्कि अपने ही बाएं हाथ पर आखिरी संदेश लिख रखा था। उसने लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेदार वह स्वयं है और किसी अन्य व्यक्ति को इसके लिए दोषी न ठहराया जाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

कमरे में मिला फंदे से लटका शव

घटना परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर सेक्टर-4सी स्थित पार्क वाली गली की है। यहां रहने वाले 30 वर्षीय सुभाष पांडेय एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। गुरुवार रात वह रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आए तो उनके बड़े भाई अजय पांडेय उन्हें जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलते ही उन्होंने सुभाष को रस्सी के फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

हाथ पर लिखा सुसाइड नोट

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की। जांच के दौरान सुभाष के बाएं हाथ पर लिखा एक संदेश मिला। जिसे पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया। हाथ पर लिखा था, "राधे-राधे... मेरी मौत का कारण मैं खुद हूं। इसमें किसी की कोई जिम्मेदारी नहीं है। ऐसा कदम कोई न उठाए।" पुलिस इस संदेश के साथ-साथ मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

Meerut News: 11 करोड़ रुपये के लोन मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, मेरठ के गुदड़ी बाजार में चार घंटे चली जांच

परिवार सदमे में, किसी विवाद की जानकारी नहीं

सुभाष के माता-पिता का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और अपने बड़े भाई अजय के साथ रहते थे। छोटे भाई नकुल झारखंड में ट्रक चालक हैं। बड़े भाई अजय का कहना है कि सुभाष का किसी से कोई विवाद नहीं था। न किसी प्रकार की रंजिश थी और न ही किसी प्रेम-प्रसंग की जानकारी थी। परिवार इस घटना से पूरी तरह सदमे में है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर सुभाष ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से मिले साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  3 July 2026, 4:19 PM IST

Related News

Advertisement