हिंदी
मौके पर आग बुझाते दमकलकर्मी
Ghaziabad: गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक टायर फैक्टरी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी परिसर से धुएं का घना गुबार उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती फैक्टरी तक पहुंचने का सीमित रास्ता था। फैक्टरी में केवल एक प्रवेश मार्ग होने के कारण आग बुझाने में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में दमकल कर्मियों ने पड़ोस में स्थित मंदिर की दीवार तोड़कर वैकल्पिक रास्ता बनाया और वहां से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल ने बताया कि दो वॉटर वाउजर और एक फोम टेंडर की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग पर नियंत्रण के बाद टीम द्वारा कूलिंग का कार्य जारी रखा गया ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
दमकल विभाग के अनुसार घटना के समय फैक्टरी के भीतर कोई श्रमिक मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि फैक्टरी में कर्मचारी मौजूद होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर भेजा गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
घटना की जानकारी मिलने पर फैक्टरी मालिक शाहदरा निवासी ओम प्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दमकल विभाग की टीम पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
English Keywords:
Location : Ghaziabad
Published : 9 June 2026, 4:20 PM IST