Chandauli News: इमरजेंसी के लिए रखा था सिलेंडर, अचानक हुआ ऐसा ब्लास्ट कि उड़ गए टिन शेड

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के चकनौदार गांव में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में मकान क्षतिग्रस्त हो गया और चार किशोर घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 May 2026, 4:04 PM IST

Chandauli: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक जोरदार धमाके ने पूरे गांव को दहला दिया। घर में रखा घरेलू गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना भीषण था कि मकान की दीवारें तक हिल गईं और टिन शेड के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार किशोर घायल हो गए, जबकि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

कैसे हुआ हादसा

घटना बलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम चकनौदार की है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी भरत यादव के घर में एक घरेलू गैस सिलेंडर रखा हुआ था, जो इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए सुरक्षित रखा गया था। मंगलवार देर रात अचानक सिलेंडर में लीकेज हुआ और देखते ही देखते वह बीच से फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

धमाके से मकान को भारी नुकसान

सिलेंडर ब्लास्ट के बाद घर में आग लग गई। आग और धमाके की वजह से टिन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मकान के पिलर और दीवारों में भी दरारें आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर के लिए पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

पढ़ाई छोड़ अपराध की राह! चंदौली में छात्र निकले शातिर लुटेरे, पुलिस ने किया खुलासा

चार किशोर घायल

इस हादसे में जोगिंदर, राहुल, शिवम और शुभम घायल हो गए। सभी की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और परिवार के लोग अभी भी सदमे में हैं।

ग्रामीणों ने बुझाई आग

धमाके के बाद गांव के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से आग पर किसी तरह काबू पाया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

चंदौली में डीजल तस्करी का बड़ा खुलासा, बिहार जा रहे तीन वाहन पकड़ाए, पांच आरोपी हिरासत में

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज की वजह से हादसा होना सामने आया है। उन्होंने कहा कि चार लोगों को हल्की चोटें आई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Location :  Chandauli

Published :  27 May 2026, 4:04 PM IST