फतेहपुर में मैरिज वेबसाइट के नाम पर ठगी का बड़ा गैंग पकड़ा, ऐसे चला रहा था रैकेट

देवीगंज में शादी के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। किराए के घर से चल रहे इस रैकेट में कई लोग हिरासत में लिए गए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 April 2026, 7:02 AM IST

Fatehpur: शादी के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शहर के देवीगंज इलाके में किराए के घर से चल रहे इस रैकेट ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब छापा मारा तो अंदर का पूरा खेल सामने आ गया।

किराए के घर से चल रहा था पूरा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह पिछले दो साल से एक शिक्षक दंपति के मकान में किराए पर रह रहा था। यहां बाकायदा एक ऑफिस बनाकर ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चलाया जा रहा था। आरोपी खुद को शादी कराने वाली वेबसाइट की तरह पेश करते थे और लोगों को भरोसे में लेकर ठगी करते थे।

फतेहपुर DIOS ऑफिस ने तैनात बाबू की खाई नींद की गोलियां; BJP जिला अध्यक्ष पर लगाया ये आरोप

ऐसे करते थे लोगों से ठगी

गिरोह के सदस्य लड़के-लड़कियों की फोटो भेजकर परिवारों से संपर्क करते थे। शादी कराने के नाम पर वे लोगों से पैसे ऐंठते थे। धीरे-धीरे यह नेटवर्क बड़ा होता गया और कई लोग इसके जाल में फंसते चले गए।

पुलिस की छापेमारी में हुआ खुलासा

एक शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान एक युवती समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

फतेहपुर के मोहम्मदपुर गांव में छप्पर में लगी आग, तीन बकरियां जलकर हुईं राख

पहले से चल रही थी निगरानी

पुलिस इस गिरोह पर काफी समय से नजर बनाए हुए थी। कुछ महीने पहले सादी वर्दी में टीम ने इलाके में जांच भी की थी लेकिन तब कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी थी। इस बार पुख्ता सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई।

मकान मालिक भी जांच के घेरे में

इस मामले में मकान मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक ने किरायेदारों की गतिविधियों पर ध्यान नहीं दिया, जिससे यह पूरा रैकेट लंबे समय तक चलता रहा।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 1 April 2026, 7:02 AM IST