गोरखपुर में डेढ़ करोड़ की ठगी करने वाला गैंग का खुलासा, पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को दबोचा

गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और कई बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 April 2026, 9:39 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और कई अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के जरिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

लोगों के नाम पर खुलवाते थे बैंक खाते

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को मंगाने और ट्रांसफर करने में किया जाता था। इस तरह का पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के माध्यम से अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये का लेन-देन किया जा चुका है। मामले से जुड़ी कुल 27 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं। इनमें से करीब 55 लाख रुपये पुलिस द्वारा होल्ड भी कराए गए हैं, जिससे कई पीड़ितों को राहत मिलने की उम्मीद है।

महराजगंज में विधवा के दुश्मन बने दबंग लोग, पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत 7 पर ठोका मुकदमा

भारी मात्रा में दस्तावेज और एटीएम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें 39 चेकबुक, 35 एटीएम कार्ड, 19 पासबुक, 15 मुहर, 8 आधार कार्ड, 2 वोटर आईडी, 6 पैन कार्ड, 2 पासपोर्ट, 6 क्यूआर कोड स्टैंड और 7 मोबाइल फोन शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में दस्तावेज मिलने से साफ है कि गिरोह बड़े स्तर पर संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।

गोरखपुर कोर्ट ने वारदात के 7 साल बाद सुनाया फैसला, आरोपी को मिली इतने वर्षों की सजा, जानें क्या कांड किया था?

अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी आशंका

गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से एक गोरखपुर का रहने वाला है, जबकि दो आरोपी बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इससे इस साइबर ठगी गिरोह के अंतरराज्यीय कनेक्शन भी सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 3 April 2026, 9:39 PM IST