UP Crime: ससुराल में क्या हुआ था उस रात? नई दुल्हन की मौत का राज खुला

बलरामपुर में राप्ती नदी में मिले नवविवाहिता के शव की गुत्थी को सुलझाते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कीमती सामान और दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को नदी में बहा दिया था।

Updated : 13 June 2026, 9:42 PM IST
Balrampur:  उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में राप्ती नदी से एक महिला का शव बरामद होने के मामले में स्थानीय पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस की जांच में यह मामला दहेज के लिए की गई हत्या का निकला, जिसके बाद मुख्य आरोपी पति सहित ससुराल पक्ष के कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
क्या है पूरा खबर?
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जानकारी दी कि 12 जून को नदी में शव मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित रूप से शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की थी। मृतका की पहचान सादुल्लानगर क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई। तफ्तीश में पता चला कि युवती का विवाह पिछले वर्ष अप्रैल में हुआ था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज और कीमती वस्तुओं के लिए ससुराल में कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने के प्रयास में शव को नदी में प्रवाहित कर दिया था।
निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई
मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी पति राकेश कुमार वर्मा, ससुर दिनेश कुमार, सास कान्ती देवी और ननद सरिता वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रियाओं के उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Location :  Balrampur

Published :  13 June 2026, 9:42 PM IST