यूपी बोर्ड की परीक्षा में सिस्टम की आंखों में मिर्च झोंकने वाले 4 मुन्ना भाई दबोचे, गोरखपुर पुलिस का बड़ा एक्शन

गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

Gorakhpur News: गोरखपुर में चल रही यूपी बोर्ड परीक्षा के बीच एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। थाना पिपराइच क्षेत्र में पुलिस ने ऐसे 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो असली परीक्षार्थियों की जगह फर्जी दस्तावेज के सहारे परीक्षा दे रहे थे। मामला सामने आते ही शिक्षा महकमे और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कूटरचित एडमिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं।

कैसे हुआ खुलासा?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी चौरी-चौरा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को पकड़ लिया। उपनिरीक्षक राहुल दुबे और उनकी टीम ने सतर्कता दिखाते हुए परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध गतिविधि को पकड़ लिया।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक चौहान, सौरभ कुमार, करन सोनकर और सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 23 फरवरी 2026 को महाराणा प्रताप कृषक इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान ये चारों आरोपी फर्जी एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के जरिए दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा केंद्र से मिली तहरीर के आधार पर थाना पिपराइच में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस का बयान

प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने साफ कहा कि बोर्ड परीक्षा की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप श्रीनेत और कांस्टेबल ऋषिरमण उपाध्याय भी शामिल रहे। जनपद में अब बोर्ड परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि नकल और सॉल्वर गैंग पर पुलिस की पैनी नजर है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 24 February 2026, 8:42 PM IST

Advertisement
Advertisement