बरेली में शराब माफियाओं पर SSP का बड़ा एक्शन, 100 करोड़ के टपरी डिस्टलरी कांड से कनेक्शन

बरेली में शराब माफियाओं के खिलाफ SSP अनुराग आर्य की बड़ी कार्रवाई, 5 तस्कर माफिया घोषित। टपरी डिस्टलरी कांड से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा, 46 करोड़ की संपत्ति कुर्क और अवैध कॉलोनी ध्वस्त।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 June 2026, 1:18 AM IST

Bareilly : जिले में शराब तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं की कमर तोड़ने की रणनीति तेज कर दी है। SSP अनुराग आर्य ने मंगलवार को संगठित शराब तस्करी में शामिल 5 बड़े अपराधियों को विधिवत माफिया घोषित कर दिया है। इसके साथ ही 100 करोड़ के टपरी डिस्टलरी कांड से जुड़े नेटवर्क पर भी शिकंजा कसता जा रहा है।

5 बड़े तस्कर घोषित माफिया

पुलिस ने मनोज कुमार जायसवाल, अशोक दीक्षित, अजय जायसवाल, अरुण कुमार पाण्डेय और संजय कुमार को माफिया की श्रेणी में शामिल किया है। पुलिस के मुताबिक इन सभी की गतिविधियां लंबे समय से संगठित अपराध और शराब तस्करी से जुड़ी रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा था।

100 करोड़ के टपरी डिस्टलरी कांड से कनेक्शन

जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क मार्च 2021 में सामने आए चर्चित टपरी डिस्टलरी कांड से जुड़ा हुआ है। यूपी एसटीएफ और ईडी की जांच में इस सिंडिकेट की भूमिका उजागर हुई थी। जिसने सरकारी राजस्व को करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया था।

दिल्ली अग्निकांड के बाद जागा बरेली प्रशासन, सहारा अस्पताल का OT और NICU वार्ड सील

46 करोड़ की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई

बरेली विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए हरूनगला क्षेत्र में मनोज जायसवाल की करीब 6000 वर्गमीटर में बनी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। वहीं डीएम के आदेश पर पुलिस और राजस्व टीम ने बारादरी और इज्जतनगर क्षेत्र में कई कीमती संपत्तियां कुर्क कीं। करीब 46 करोड़ रुपये की जमीन और व्यावसायिक संपत्तियां सरकारी कब्जे में ली गईं।

हिस्ट्रीशीट खुली, थाने में हाजिरी अनिवार्य

पुलिस ने 30 मई को मनोज जायसवाल समेत 18 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इनमें कई जिलों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अब सभी को नियमित थाने में हाजिरी देनी होगी और उनकी गतिविधियों पर पुलिस कड़ी नजर रखेगी।

SSP का सख्त संदेश

SSP अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिस, STF और ED की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि आर्थिक साम्राज्य को पूरी तरह ध्वस्त करना है। उन्होंने कहा कि अवैध संपत्तियां कुर्क की जा रही हैं। निर्माण गिराए जा रहे हैं और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अपराधियों का नेटवर्क दोबारा खड़ा न हो सके।

Location :  Bareilly

Published :  10 June 2026, 1:18 AM IST