हिंदी
पुलिस पर फायरिंग
Barabanki: जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई स्वाट टीम और फतेहपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के सिहाली मार्ग की है, जहां देर रात पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्वाट टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह मोटरसाइकिल से कूदकर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुनील लोनिया के रूप में हुई, जो बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के टेकुवा गांव का निवासी है।
पुलिस ने बदमाश के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 1,000 रुपये नकद (चोरी के) और एक डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुनील ने अपने साथियों के साथ मिलकर 3-4 जून की रात फतेहपुर थाना क्षेत्र के बेहटी गांव में एक घर से नकदी और जेवरात की चोरी की थी। इस मामले में पूर्व में मुकदमा दर्ज है।
Barabanki News: युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास के बाद जागी पुलिस, जानें पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के दो अन्य आरोपी भागी उर्फ पंकज और समर सिंह उर्फ पपली को पहले ही 21 जून को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है। सुनील फरार चल रहा था, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी, विकास चंद्र त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि,"आरोपी एक शातिर अपराधी है और उस पर पहले से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस की सक्रियता के चलते उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।"
Location : Barabanki
Published : 4 September 2025, 9:58 AM IST
Topics : Barabanki Crime barabanki news crime news UP News