हिंदी
मौलाना साजिद रशीदी (Image: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के बीच शिवभक्तों को लेकर दिए गए एक कथित आपत्तिजनक बयान ने माहौल गर्मा दिया है। बयान को लेकर विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि मौलाना के बयान से कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू संघर्ष समिति की शिकायत पर पुलिस का एक्शन
मामला शुक्रवार का है, जब हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मौलाना ने कांवड़ यात्रा और शिवभक्त कांवड़ियों को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस वीडियो और बयान से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
एसएसपी बोले- आपत्तिजनक टिप्पणी पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मौलाना की ओर से एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें कुछ ऐसे वक्तव्य दिए गए थे जिन पर आपत्ति जताई गई। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बारे में की गई टिप्पणी आपत्तिजनक थी और इससे उनकी भावनाएं आहत हुई। एसएसपी ने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया पलटवार
वहीं, इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी मौलाना साजिद रशीदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर भगवान शिव की आराधना करते हैं। ऐसे में यात्रा को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना गलत है। मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने समाज के जिम्मेदार लोगों से भी अपील की कि ऐसे लोगों को रोकने की जरूरत है, ताकि समाज में तनाव की स्थिति पैदा न हो।
बयान को लेकर बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि हर साल सावन महीने में लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा निकालते हैं। मुजफ्फरनगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख पड़ाव माना जाता है, जहां से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रा से जुड़े किसी भी बयान को लेकर विवाद तेजी से बढ़ जाता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 August 2026, 8:02 PM IST