सुल्तानपुर में अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे डीएम इन्द्रजीत सिंह, दिए ये सख्त निर्देश

सुलतानपुर के जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने लम्भुआ क्षेत्र के अमृत सरोवरों और तालाबों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल संरक्षण, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और रखरखाव में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि अमृत सरोवरों को जनसुविधा और पर्यावरण संरक्षण का बेहतर केंद्र बनाया जाए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 8 August 2026, 7:54 PM IST
google-preferred

Sultanpur: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ‘प्रश्न एवं संदर्भ समिति’ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने शनिवार को विकासखंड लम्भुआ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित अमृत सरोवरों और तालाबों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जमखुरी अमृत सरोवर, कमल सरोवर दुबौली, मामपुर तालाब, सखौलीकलां के नवनिर्मित तालाब और परसीपुर अमृत सरोवर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान तालाबों की खुदाई, गहरीकरण, जल स्तर, साफ-सफाई, घाट, पौधरोपण और सौंदर्यीकरण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि सभी अमृत सरोवरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि तालाबों में पूरे वर्ष पानी उपलब्ध रहे, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। जमखुरी अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) नीलिमा गुप्ता को जल उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। यहां की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष भी व्यक्त किया।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद

कमल सरोवर दुबौली में जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने सरोवर की सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी की तैनाती और बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग रखी।

डीएम ने बीडीओ को निर्देश दिए कि बाउंड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर कार्ययोजना में शामिल किया जाए। साथ ही महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें: Sultanpur की बेटी का कमाल, अवध यूनिवर्सिटी MBA में पाया पहला स्थान, मिलेंगे 3 गोल्ड मेडल

मछली पालन और विकास कार्यों की ली जानकारी

मामपुर में बने तालाब के निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि यहां मछली पालन किया जा रहा है। इसके बाद जिलाधिकारी ने सखौलीकलां और परसीपुर स्थित अमृत सरोवरों का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने घाटों की स्थिति, जल स्तर, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

जनपयोगी स्थल के रूप में विकसित होंगे अमृत सरोवर

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इन्हें लोगों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा अजीत सिंह, बीडीओ लम्भुआ नीलिमा गुप्ता, संबंधित ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

Location :  Sultanpur

Published :  8 August 2026, 7:48 PM IST

Related News

Advertisement