हिंदी
गाजियाबाद के वसुंधरा क्षेत्र में केएफसी और नजीर रेस्टोरेंट के खिलाफ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान मांस बिक्री का विरोध करते हुए उन्होंने केएफसी का शटर बंद कराया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। प्रदर्शन के दौरान अशांति फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और एफआईआर दर्ज की।
हिन्दू संगठन ने किया था हंगामा
Ghaziabad News: हाल ही में गाजियाबाद शहर के एक प्रमुख इलाके में स्थित केएफसी (KFC) रेस्टोरेंट को बंद कराने के लिए हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाएं हुई, जिनमें शामिल कुछ हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को कस्टडी में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। यह मामला गाजियाबाद के वसुंधरा क्षेत्र का है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने केएफसी का शटर बंद करवा दिया और नजीर रेस्टोरेंट के बाहर भी विरोध जताया। उनका कहना था कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग के आसपास मांस की बिक्री नहीं होनी चाहिए क्योंकि इससे यात्रा करने वाले भक्तों को मानसिक कष्ट पहुंचता है। हिंदू रक्षा दल ने चेतावनी दी थी कि अगर सावन माह में मांस की बिक्री जारी रही तो वे अपना विरोध और तेज करेंगे। इसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया।
लोगों ने फैलाई अशांति
कुछ हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता केएफसी रेस्टोरेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नियमों का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक अशांति फैलाने का प्रयास किया। इस वजह से पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लाना पड़ा।
कई लोगों को हिरासत में लिया
बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग तोड़फोड़ और हिंसा में भी शामिल पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कई को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
क्या था मामला
दरअसल, सावन माह को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। जब हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने केएफसी और नजीर रेस्टोरेंट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्य कांवड़ यात्रा के दौरान मांसाहारी रेस्टोरेंट्स के संचालित होने पर नाराज थे और उनका आरोप था कि इस दौरान मांस की बिक्री से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं।