हिंदी
ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद भारत में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। केंद्र सरकार ने कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी करते हुए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ समेत कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं। गृह मंत्रालय ने राज्यों को भड़काऊ बयान और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा है।
खामेनेई की मौत
Lucknow: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल-अमेरिका के कथित हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद भारत में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्र सरकार ने पूरे देश में अलर्ट मोड लागू करते हुए राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खामेनेई की मौत की खबर का असर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिला है।
देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज
खामेनेई की मौत की खबर के बाद कश्मीर के कुछ इलाकों में प्रदर्शन हुए। वहीं लखनऊ में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए। कई स्थानों पर नारेबाजी और विरोध मार्च आयोजित किए गए। प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किया है। जिससे कानून-व्यवस्था बनी रहे।
उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट
उत्तर प्रदेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट घोषित किया है। लखनऊ समेत कई संवेदनशील जिलों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है लेकिन सतर्कता बरती जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। इसमें ईरान समर्थक कट्टरपंथी तत्वों और भड़काऊ बयान देने वाले उपदेशकों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्रालय ने आशंका जताई है कि पश्चिम एशिया की घटनाओं को लेकर देश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी निगरानी तेज कर दी गई है।
पश्चिम एशिया में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों की ओर से सख्त बयान सामने आए हैं। जनरल जब्बारी ने दावा किया कि अमेरिका ने अपने कई सैन्य विमान साइप्रस भेज दिए हैं और जरूरत पड़ने पर वहां भी जवाबी कार्रवाई हो सकती है। ईरान ने संकेत दिया है कि वह लंबे संघर्ष के लिए तैयार है, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता और गहरा सकती है।