Maharajganj: नौतनवा में बेखौफ चोरों का आतंक, पुलिस चौकी के पास घर से लाखों के गहने पार

महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डा बाजार में चोरों ने पुलिस सुरक्षा को खुली चुनौती देते हुए एक घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 February 2026, 7:32 PM IST

Maharajganj: जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में स्थित अड्डा बाजार में चोरी की एक बड़ी घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना 2 और 3 फरवरी की मध्यरात्रि की बताई जा रही है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी नजदीक पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है।

शादीशुदा बेटी के गहनों पर हाथ साफ

प्राप्त जानकारी के अनुसार अड्डा बाजार निवासी लक्ष्मीनारायण मद्धेशिया पुत्र श्रीराम के घर चोरों ने दूसरी मंजिल पर रखे बक्से का ताला तोड़कर कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए गहनों में कंगन, झुमके, अंगूठियां समेत कई बहुमूल्य आभूषण शामिल हैं।

DN Exclusive: रुपये का कैसे तय होता है मूल्य ? जानिए वो 6 देश जहां रुपया है सबसे ज्यादा ताकतवर

लक्ष्मीनारायण की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी अंजनी मद्धेशिया शादीशुदा है और कुछ महीनों से पति के साथ मायके में रह रही थी। घटना वाली रात अंजनी अपनी सास की तबीयत खराब होने के कारण पति के साथ ससुराल चली गई थी और घर में माता-पिता संघ छोटी बेटी नीचे की मंजिल पर सो रहे थे, जबकि ऊपर का कमरा खाली था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।

24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

सुबह जब परिवार के लोग ऊपर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जेवरात गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। तुरंत अंजनी को सूचना दी गई, जो मौके पर पहुंचते ही रो पड़ी। इसके बाद नौतनवा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि चोरी के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

Raebareli: चलती ट्रेन से गिरा युवक, ऊंचाहार एक्सप्रेस हादसे से मचा हड़कंप

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस चौकी के पास ही इस तरह की घटनाएं होंगी तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 4 February 2026, 7:32 PM IST