हिंदी
फतेहपुर में प्रदर्शन
Fatehpur: फतेहपुर जिले में किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
पार्टी जिलाध्यक्ष रामकिशोर सिंह ने कहा कि जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी हो रही है। किसान घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल पाती। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कें जर्जर होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं छुट्टा पशु फसलें बर्बाद कर किसानों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शादीपुर चौराहे के आसपास बिजली कटौती गंभीर समस्या बनी हुई है। ललौली और कोर्राकनक के बाढ़ पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
रामकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि भू-माफिया और मौजूदा ग्राम प्रधान सरकारी जमीनों पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में अमित कुमार, कमलेश, अर्जुन सिंह, कमला देवी, रघुराज, सरोज देवी, कुंती देवी और उदयवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
Location : Fatehpur
Published : 1 September 2025, 6:24 PM IST
Topics : Demands Fatehpur Nationalist Party protest