मशहूर क्रिकेटर यश दयाल पर FIR…गाजियाबाद की लड़की से लव, सेक्स और धोखा, जानें पूरा मामला

पीड़िता ने बताया कि उसकी यश दयाल से वर्ष 2019 में सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। युवती ने बताया कि वह मुझे बेंगलुरु, दिल्ली और प्रयागराज भी ले गया। अपने परिवार से मिलवाया और 5 साल तक साथ रखा। जब भी शादी की बात करती वह अपने करियर का हवाला देकर टाल देता था।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 July 2025, 2:27 PM IST
google-preferred

Ghaziabad News: आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल पर गंभीर आरोप लगे हैं। गाजियाबाद की एक युवती की शिकायत पर उनके खिलाफ शादी का वादा कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने कुछ सबूतों को देखते हुए सोमवार की शाम को यश दयाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर गाजियाबाद पुलिस ने यश दयाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत रेप का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यश दयाल की गिरफ्तारी की जा सकती है।

क्या है आरोप?

पीड़िता ने बताया कि उसकी यश दयाल से वर्ष 2019 में सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। युवती का आरोप है कि यश ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया कि "वह मुझे बेंगलुरु, दिल्ली और प्रयागराज भी ले गया। अपने परिवार से मिलवाया और 5 साल तक साथ रखा। जब भी शादी की बात करती वह अपने करियर का हवाला देकर टाल देता था।"

अब किया शादी से इंकार

पीड़िता के मुताबिक हाल ही में यश ने सभी संपर्क तोड़ दिए। उसे सोशल मीडिया और वॉट्सऐप से ब्लॉक कर दिया। इसके अलावा शादी से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

पहले भी मांगी थी मदद

पीड़िता ने पहले 14 जून को महिला हेल्पलाइन 181 पर कॉल किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 21 जून को IGRS पोर्टल पर शिकायत की और 25 जून को एक्स (Twitter) पर सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाते हुए यश दयाल के साथ अपनी तस्वीरें भी पोस्ट की थी। पीड़िता ने खुद को आर्थिक और सामाजिक रूप से असहाय बताते हुए चैट, स्क्रीनशॉट और वीडियो कॉल्स के रिकॉर्ड भी पुलिस को सौंपे हैं।

पुलिस ने अब क्या एक्शन लिया?

गाजियाबाद के एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर यश दयाल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल जल्द कराया जाएगा और कोर्ट में बयान भी दर्ज होंगे। यश दयाल को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने युवती के बयान पहले ही दर्ज कर लिए हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान लिए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि पीड़िता बालिग है, इसलिए उसकी अनुमति के बाद ही कोर्ट में बयान दर्ज हो सकेंगे।

पहले भी विवादों में रहे यश दयाल

यश दयाल इससे पहले भी विवाद में आ चुके हैं। दो साल पहले उन्होंने कथित रूप से मुस्लिम विरोधी इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की थी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह पोस्ट उन्होंने नहीं की थी और किसी ने उनके अकाउंट से स्टोरी शेयर कर दी थी।

कौन हैं यश दयाल?

प्रयागराज निवासी यश दयाल इस साल RCB की ओर से खेलते हुए आईपीएल 2025 के फाइनल में निर्णायक गेंदबाज साबित हुए थे। उनकी परफॉर्मेंस को लेकर खूब चर्चाएं हुई थी, लेकिन अब उन पर लगे गंभीर आरोपों ने उनके करियर पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

आगे क्या होगा?

पुलिस कभी भी यश दयाल को गिरफ्तार कर सकती है। मेडिकल रिपोर्ट और कोर्ट बयान के बाद केस की गंभीरता और कानूनी दिशा तय होगी। यश दयाल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Location : 
  • Ghaziabad

Published : 
  • 8 July 2025, 2:27 PM IST

Advertisement
Advertisement