उत्तर प्रदेश के एटा और सोनभद्र जिलों में ईद उल फितर का त्योहार पूरे उत्साह, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। जलेसर और रॉबर्ट्सगंज की ईदगाहों में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

सोनभद्र में नमाजियों ने पढ़ी अदा की नमाज
Lucknow: एटा जिले के जलेसर कस्बे में समसपुर मार्ग स्थित ईदगाह पर ईद उल फितर की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचने लगे थे। नमाज के दौरान हजारों लोगों ने एक साथ सिर झुकाकर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
ईद की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। मौके पर जलेसर एसडीएम भावना विमल, थाना प्रभारी संजय राघव भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा नगरपालिका के ईओ प्रद्युम्न कुमार और एसएफआई महेश यादव भी मौके पर तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।
वहीं सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज में भी ईद का त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर ईदगाह में मौलाना तौफीक आलम ने नमाज अदा कराई, जहां भारी संख्या में नमाजी शामिल हुए। इसके बाद सुबह 9 बजे जामा मस्जिद में मौलाना खुर्शीद आलम ने नमाज पढ़ाई। दोनों स्थानों पर नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
मैनपुरी ईद: नमाज के बाद आखिर किस खास दुआ के लिए एक साथ उठे हजारों हाथ? पढ़ें पूरी खबर
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी। पूरे शहर में भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इस त्योहार की खुशियों में डूबे नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर भी मिठाइयों के साथ ईद की खुशियां साझा कीं।
सोनभद्र में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसपी अभिषेक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिनमें सपा जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव सहित अन्य नेता मौजूद रहे।