
दहेज की आग में जलती बेटियां फोटो सोर्स- Google
Noida News: ग्रेटर नोएडा में दहेज अब सिर्फ एक सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि बेटियों की जान लेने वाला खतरनाक अपराध बन चुका है। पिछले डेढ़ सालों में जिले में 17 विवाहिता की मौत ने लोगों को हिला कर रख दिया है। लगातार सामने आ रहे दहेज हत्या के मामलों ने पुलिस प्रशासन, कानून व्यवस्था और समाज की सोच तीनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब सिर्फ गरीब या अशिक्षित महिलाएं ही नहीं, बल्कि पढ़ी-लिखी और नौकरी करने वाली महिलाएं भी दहेज की भेंट चढ़ रही हैं।
2025 में सबसे ज्यादा मामले आए सामने
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में 15 बेटियां दहेज की बलि चढ़ गई। वहीं 2026 में भी अब तक दो मामले सामने आ चुके हैं। इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि तमाम कानूनों और जागरूकता अभियानों के बावजूद दहेज की मानसिकता खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
दीपिका केस ने खड़े किए कई सवाल
जलपुरा में रहने वाली दीपिका की मौत का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। दीपिका बीएड कर चुकी थी, जबकि उसका पति ऋतिक बीए एलएलबी का छात्र बताया जा रहा है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। रात करीब 11 बजे ससुराल पक्ष से फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है। जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा तो बेटी का शव पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि शरीर पर चोट के कई निशान थे और हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।
निक्की और मोनिका की मौत ने भी मचाया था बवाल
कासना क्षेत्र की निक्की भाटी की संदिग्ध मौत का मामला भी काफी चर्चाओं में रहा था। परिवार ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। वहीं दादरी की मोनिका नागर की मौत ने भी सभी को झकझोर दिया था। प्रेम विवाह के महज 90 दिन बाद हुई मौत में मायके पक्ष ने करोड़ों की संपत्ति और लालच को हत्या की वजह बताया था।
दिखावे की होड़ बन रही बड़ी वजह
सामाजिक जानकारों का कहना है कि शादियों में बढ़ता दिखावा और महंगी लाइफस्टाइल की चाह दहेज की मांग को और बढ़ा रही है। अब कार, लग्जरी फ्लैट और लाखों रुपये की मांग आम होती जा रही है। महिला उन्नति संस्थान की अधिवक्ता सीमा भाटी ने इन घटनाओं को समाज के माथे पर कलंक बताया है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और आरोपियों को जल्द सजा मिले। फिलहाल कई मामलों में पुलिस जांच जारी है और कुछ आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
Location : Noida
Published : 19 May 2026, 11:18 AM IST
Topics : crime news Dowry noida news Noida police