सिद्धार्थनगर से नौतनवां जा रही गाड़ी खरहरवा के पास पेड़ से टकराकर पलट गई। ड्राइवर की नींद हादसे का कारण बनी। जानिये क्या है पूरा मामला

पेड़ से टकराकर पलटी गाड़ी (सोर्स- रिपोर्टर)
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के अंतर्गत कोल्हुई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सिद्धार्थनगर से नौतनवां की ओर जा रही एक गाड़ी लोटन रोड पर खरहरवा के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है। गाड़ी में पनीर और मशरूम लोड था और यह हादसा सुबह के समय हुआ जब ड्राइवर अचानक नींद की चपेट में आ गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस भीषण टक्कर के बाद गाड़ी पलट गई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे में ड्राइवर को हल्की चोटें आईं, लेकिन गनीमत रही कि गाड़ी में ड्राइवर के अलावा कोई अन्य यात्री सवार नहीं था।
महराजगंज के कोल्हुई में बड़ा सड़क हादसा
➡️सिद्धार्थनगर से नौतनवां जा रही गाड़ी पेड़ से टकराई
➡️हादसे की वजह ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा
➡️लोटन रोड पर खरहरवा के पास पलटी गाड़ी@Uppolice @maharajganjpol #Maharajganj #accident pic.twitter.com/rQOOBYn1YJ— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 27, 2025
ड्राइवर की हालत स्थिर
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। ड्राइवर की हालत स्थिर बताई जा रही है। गाड़ी में लोड पनीर और मशरूम का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे व्यापारी को आर्थिक नुकसान हुआ।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
वहीं इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ड्राइवर की मदद की। सूचना मिलने पर कोल्हुई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने गाड़ी को सड़क से हटवाने और यातायात सुचारू करने में सहायता की। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और ड्राइवरों के लिए पर्याप्त आराम की आवश्यकता पर फिर से सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोड के किनारे खड़ी दो साइकिल भी गाड़ी की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई है।
बड़ा हादसा टला
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिले से लगातार सड़क हादसे की खबरें सामने आ रही हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वो प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ड्राइवर की छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस और स्थानीय प्रशासन अब इस तरह के हादसों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान पर विचार कर रहे हैं।