गोरखपुर में दहेज की भूख: तीन लाख दहेज के बाद भी नहीं भरा मन, महिला पर जुल्म; अब पुलिस का चला चाबुक

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर ससुराल से निकाले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 February 2026, 8:19 PM IST

Gorakhpur: दहेज की मांग ने एक बार फिर एक शादीशुदा जिंदगी को अपराध की कहानी में बदल दिया है। गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र से सामने आए इस मामले में एक नवविवाहिता को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वह मायके से और पैसे नहीं ला सकी। मामला इतना बढ़ा कि महिला को जान से मारने की धमकी देकर ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई है और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शादी के नाम पर तीन लाख, फिर भी नहीं भरा मन

गीडा थाना क्षेत्र के तेनुहारी गांव की रहने वाली लक्ष्मीना पुत्री नेबुलाल निषाद की शादी 10 दिसंबर 2023 को अहिरौली पटखौली गांव निवासी श्याम सुंदर के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक शादी में उसके घरवालों ने करीब तीन लाख रुपये नकद, जेवरात और जरूरत का पूरा गृहस्थी का सामान दिया था। सब कुछ सामाजिक रिवाजों के मुताबिक हुआ, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल वालों का रवैया बदल गया।

विदाई के बाद शुरू हुआ दहेज का दबाव

लक्ष्मीना का आरोप है कि जैसे ही वह विदा होकर ससुराल पहुंची, पति श्याम सुंदर और ससुर ने अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। शुरुआत में ताने दिए गए, फिर दबाव बढ़ा और बाद में मानसिक उत्पीड़न शुरू हो गया। पीड़िता का कहना है कि दहेज न लाने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई।

मारपीट कर घर से निकाला, मायके पहुंची पीड़िता

लगातार प्रताड़ना से परेशान लक्ष्मीना ने जब दहेज देने से इनकार किया तो ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। किसी तरह वह अपने मायके पहुंची और पूरी आपबीती परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार के साथ वह गीडा थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति श्याम सुंदर और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। गीडा थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है और लोग दहेज प्रथा के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 6 February 2026, 8:19 PM IST