
डीएम ने किया औचक निरीक्षण
महराजगंज: जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को महराजगंज स्थित रोडवेज बस स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने बसों के संचालन, रख-रखाव, यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, विश्रामालय, कार्यालयों की स्थिति तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का गहन अवलोकन किया।
गंदगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं...
निरीक्षण के क्रम में कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति अपेक्षित स्तर की न पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों और स्टेशन परिसर में गंदगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महराजगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद महराजगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन परिसर में स्थित दुकानों एवं कैंटीन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय को भी व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
संचालित होने वाली बसों की संख्या
इसके अलावा जिलाधिकारी महोदय ने बस स्टेशन से संचालित होने वाली बसों की संख्या एवं रूट की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि महराजगंज बस स्टेशन से महराजगंज डिपो की लगभग 60 बसों सहित कुल करीब 100 बसें गोरखपुर, फरेंदा एवं ठूठीबारी मार्ग पर संचालित की जा रही हैं।
यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी
इस पर जिलाधिकारी महोदय ने यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप बस रूट एवं संचालन व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए और कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महराजगंज आलोक कुमार मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 3 February 2026, 9:32 PM IST
Topics : bus station DM inspection Maharajganj passenger