“जिम्मेदारी भारी पड़ गई…” BJP सूची के बाद महिला नेता का इस्तीफा, अंदरखाने में मचा बवाल!

महोबा में बीजेपी की नई कार्यसमिति की घोषणा के बाद विवाद बढ़ गया है। जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया, जिससे संगठन में असंतोष खुलकर सामने आ गया। कई कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 23 March 2026, 11:22 AM IST

Mahoba: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यसमिति की घोषणा के बाद संगठन के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। सूची जारी होते ही जिला मंत्री पद पर बनी रहीं दीपाली तिवारी (Dipali Tiwari) ने अपने पद के साथ-साथ पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप

दीपाली तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी के लिए वह पार्टी नेतृत्व की आभारी हैं, लेकिन “मेरे कंधे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सह नहीं पा रहे हैं।” इस बयान के साथ उन्होंने अपने पद और पार्टी दोनों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उनके इस कदम ने न केवल कार्यकर्ताओं को चौंकाया, बल्कि संगठन के भीतर चल रही नाराजगी को भी उजागर कर दिया।

कार्यकर्ताओं में बढ़ती नाराजगी

सिर्फ दीपाली तिवारी ही नहीं, बल्कि कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष नामदेव (Manish Namdev) ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं, उन्हें उचित पद नहीं दिया गया, जबकि नए लोगों को प्राथमिकता मिल रही है।

बंगाल में ओवैसी का बड़ा दांव! इस पार्टी से मिलाया हाथ; क्या गठबंधन से बदलेगा चुनावी गणित?

उनका यह भी कहना था कि समर्पित कार्यकर्ताओं को “लॉलीपॉप” देकर नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे संगठन में असंतोष बढ़ रहा है। यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर सियासी वार

नई कार्यसमिति को लेकर सोशल मीडिया पर भी सियासी बहस छिड़ गई है। विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए जातिगत समीकरणों को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है, जिससे मामला और गर्मा गया है।

लाल किला धमाका जांच: अचानक कश्मीर के हंदवाड़ा और कुलगाम में क्यों बढ़ी NIA की सक्रियता? जानें क्या है मामला

पार्टी का जवाब

इस पूरे विवाद पर जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा (Mohanlal Kushwaha) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को पद देना संभव नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे अन्य मोर्चों में पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी, जिसमें कई कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दीपाली तिवारी का इस्तीफा फिलहाल सोशल मीडिया के माध्यम से ही सामने आया है और अगर वह औपचारिक रूप से इस्तीफा देती हैं, तो इसे उच्च नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।

Location : 
  • Mahoba

Published : 
  • 23 March 2026, 11:22 AM IST