
गोरखपुर में फसल जलकर राख (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: एक छोटी सी चिंगारी ने किसानों के लिए तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। गोला तहसील के उनौली गांव में मंगलवार शाम हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने ऐसी भीषण आग पकड़ी कि देखते ही देखते खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। खेतों में उठती लपटें और धुएं का गुबार इलाके में दहशत का कारण बन गया।
हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी
घटना शाम करीब 3:45 बजे की है। ग्रामीणों के मुताबिक, खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के फ्यूज में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकली और सूखी फसल ने तुरंत आग पकड़ ली।
आग की शुरुआत बबलू राय के खेत के पास हुई और तेज हवा के चलते देखते ही देखते आसपास के खेतों में फैल गई। सहडौली निवासी हेमंत कुमार राय और डेइडीहा निवासी शारदा प्रसाद राय के खेत भी इसकी चपेट में आ गए।
2.4 हेक्टेयर फसल राख, किसानों की आंखों में आंसू
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी महीनों की मेहनत पल भर में राख में बदल गई। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने संभाली मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने लाठी-डंडों, झाड़-झंखाड़ और पानी की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे कई अन्य खेत बच गए।
अंकित को ऐसा क्या हुआ, जो शादी के कुछ दिन पहले फांसी पर झूला, पढ़ें फतेहपुर का यह सनसनीखेज मामला
दमकल पर उठे सवाल, जांच शुरू
ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद समय पर दमकल नहीं पहुंची, जिससे नुकसान बढ़ गया। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।
बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 31 March 2026, 8:51 PM IST