हिंदी
देवरिया मे तिरंगा यात्रा में 60 से 70 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ी अस्पताल में भर्ती (Img: Dynamite News)
Deoria: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देवरिया के एक दर्जन से अधिक राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन की देखरेख में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण कई बच्चों को चक्कर, कमजोरी और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते करीब 60 से 70 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बच्चों की तबीयत खराब होने पर उन्हें पहले स्टेडियम में पानी पिलाया गया और प्राथमिक राहत देने का प्रयास किया गया। हालांकि कई बच्चों की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन बच्चों की लगातार स्वास्थ्य जांच कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Deoria News: स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं पर आजाद हिंद सेना वाहिनी का हल्लाबोल, DM से जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बच्चों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अपने बच्चों की स्थिति जानने और उनसे मिलने की चिंता में परिजन काफी परेशान दिखाई दिए। कुछ परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें बच्चों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसको लेकर अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए नाराजगी और तनाव का माहौल भी देखने को मिला।
बड़ी संख्या में बच्चों के एक साथ अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही मीडिया कर्मी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली गई। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में भी काफी हलचल रही।
यह भी पढ़ें: Deoria: 520 रुपये और पर्स के साथ खंडहर मकान में छिपा था आरोपी, लूट के मामले में पुलिस ने ऐसे दबोचा
तिरंगा यात्रा के दौरान इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने के बाद अब कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी, छाया, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी इंतजाम पहले से होने चाहिए थे। फिलहाल सभी की नजर बच्चों के स्वास्थ्य और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर बनी हुई है।
Location : Deoria
Published : 13 August 2026, 3:25 PM IST
Topics : Breaking News Deoria Deoria News UP News