हिंदी
निजी भूमि और बाउंड्रीवॉल को लेकर की गई थी शिकायत (Source: Dynamite News)
Deoria : जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित और नियमानुसार निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हरैया बसंतपुर पहुंचकर एक शिकायत की स्थलीय जांच की। जांच के बाद संबंधित मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई गई।
ग्राम हरैया बसंतपुर, तहसील व जिला देवरिया निवासी गुंजमती देवी पत्नी गुलाब चंद चौहान ने जनता दर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि देवरिया-हाटा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान उनकी निजी भूमि गाटा संख्या 235 से कथित रूप से मिट्टी निकाली गई और उनकी बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रार्थिनी ने मामले की जांच कराने के साथ ही क्षति के लिए मुआवजा दिलाए जाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर की अध्यक्षता में राजस्व और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नायब तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक सदर और संबंधित लेखपाल को शामिल किया गया।
संयुक्त टीम पुलिस बल की मौजूदगी में ग्राम हरैया बसंतपुर पहुंची। संबंधित पक्षों की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भूमि और क्षति से संबंधित तथ्यों का नियमानुसार सीमांकन और सत्यापन कराया गया।
टीम ने मौके पर मौजूद सभी संबंधित पक्षों को सुना। इसके बाद उपलब्ध अभिलेखों और स्थल की वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रार्थिनी की शिकायत का स्थलीय सत्यापन के बाद मौके पर ही पारदर्शी और नियमानुसार निस्तारण करा दिया गया। संबंधित पक्षों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
प्रशासन ने कहा कि जनता दर्शन में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है। शिकायतों की स्थलीय जांच कर नियमों के अनुसार उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
Location : Deoria
Published : 20 September 2026, 8:44 AM IST