
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस (Img: Google)
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से दिनदहाड़े डकैती की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक घर में दिनदहाड़े छह नकाबपोश बदमाश घुस गए और घर में मौजूद महिलाओं से मारपीट कर नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गये। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए सबूतों की तलाश कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
घटना खेजरी थाना क्षेत्र के खड़सरा बाजार की है, जहां बदमाशों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक घर को निशाना बनाया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे छह नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं को बंधक बनाया, उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और नकदी सहित कीमती जेवर लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह वारदात खड़सरा बाजार स्थिति जिगिरसंड मोड़ के पास रहने वाले एक स्थानीय व्यवसायी के परिवार के साथ हुई। पीड़ित परिवार घर के आगे ‘लक्की कंप्यूटर’ नामक दुकान का संचालन करता है। शनिवार की दोपहर घर के सभी पुरुष सदस्य किसी जरूरी काम से बाहर गए थे। घर में केवल महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे। बदमाशों ने पहले से ही घर की रेकी कर रखी थी और पुरुषों के बाहर जाते ही सुनियोजित तरीके से धावा बोल दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे आधा दर्जन नकाबपोश युवक अचानक घर के पिछले हिस्से से दाखिल हुए। वहां परिवार की बुजुर्ग महिला अमीना खातून बैठी थीं। बदमाशों ने अंदर आते ही सबसे पहले उनके मुंह पर एक काला शॉल डाल दिया ताकि वह चिल्ला न सकें और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अमीना खातून की चीख-पुकार सुनकर जब घर की दूसरी महिला, रेजिदान, उन्हें बचाने दौड़ीं, तो बदमाशों ने उन्हें भी दबोच लिया। अपराधियों ने दोनों महिलाओं को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बेरहमी से पीटा। चीखने-चिल्लाने पर बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई, जिससे महिलाएं पूरी तरह सहम गईं।
गौरखास गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लहूलुहान हुए लोग; पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
महिलाओं को अपने नियंत्रण में लेने के बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला। उन्होंने अलमारियों के ताले तोड़े और वहां रखे करीब सात हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके और अन्य कीमती आभूषण लूट लिए। लूटपाट की इस पूरी वारदात को महज 15 से 20 मिनट के भीतर अंजान देकर सभी छह आरोपी मौके से भाग निकले।
बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के ग्रामीण और बाजार के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय खेजुरी थाना पुलिस को दी गई। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात की खबर मिलते ही पुलिस दफ़्तर में हड़कंप मच गई।
थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिलाओं से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बाजार और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि नकाबपोशों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Ballia
Published : 7 June 2026, 1:40 PM IST