Crime News: नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, अब खुलेगा पूरा राज…

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के मुख्य आरोपी आदित्य आनंद को यूपी एसटीएफ ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। एक लाख का इनामी आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस को उससे पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 April 2026, 7:00 PM IST
google-preferred

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसे तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, आदित्य आनंद इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घटना के बाद से ही वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। जांच में सामने आया था कि श्रमिकों के धरना-प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों को अंजाम देने और हिंसा को संगठित करने में उसकी अहम भूमिका थी।

तकनीकी निगरानी से मिली सफलता

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने हर संभव प्रयास किए। अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया था, जिसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीमें कई राज्यों में उसकी तलाश में जुट गई थीं।

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का सहारा लेकर उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। आखिरकार उसकी लोकेशन तमिलनाडु में ट्रेस हुई, जिसके बाद एक विशेष टीम को वहां रवाना किया गया।

रिकॉर्ड में डिलीवरी लेकिन हाथ खाली… महराजगंज में गैस एजेंसी पर गड़बड़ी के आरोप

तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान उसने बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह भाग नहीं सका।

हिंसा के पूरे नेटवर्क का खुलासा संभव

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आदित्य आनंद की गिरफ्तारी से नोएडा हिंसा के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।

गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों ने वेतन वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था, जो बाद में हिंसक हो गया। इस दौरान तोड़फोड़, आगजनी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की घटनाएं सामने आई थीं।

महराजगंज में ऑनर किलिंग: भाइयों ने किया था संगीता का मर्डर, जानें कैसे हुआ खुलासा?

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाकर स्थानीय अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Noida

Published :  18 April 2026, 7:00 PM IST

Advertisement