हिंदी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र की बड़ी सौगात दी है। आखिर स्मार्टफोन से कैसे बदलेगी बच्चों के पोषण और सेहत की निगरानी? जानिए, सीएम योगी ने ‘रियलटाइम डेटा’ को लेकर क्या कहा और यह डिजिटल कदम उत्तर प्रदेश के लिए क्यों जरूरी है, खबर में आगे..
Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को बड़ी सौगात दी। डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने न केवल नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, बल्कि उन्हें आधुनिक स्मार्टफोन और 'ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस' (बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाले उपकरण) भी वितरित किए।
यूपी का सबसे लंबा पुल तैयार, चलते ही बदल जाएगा सफर का पूरा अनुभव; जानिये क्या है इसकी खासियत?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाग की कार्यप्रणाली में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "मैं विभाग से लगातार कह रहा था कि हर आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पास अपना स्मार्टफोन होना चाहिए। हमारी महिला कार्यकत्रियां जमीन पर बहुत मेहनत करती हैं, लेकिन उस मेहनत का 'रियलटाइम डेटा' हमें समय पर नहीं मिल पाता था। डेटा अपलोड न होने की वजह से कई बार प्रदेश की रैंकिंग कम रह जाती थी। अब स्मार्टफोन होने से सारा डेटा तुरंत पोर्टल पर उपलब्ध होगा।"
स्मार्टफोन के साथ ही मुख्यमंत्री ने बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए विशेष उपकरण भी बांटे। उन्होंने कहा कि इन 'ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस' की मदद से बच्चों की लंबाई और वजन का सटीक माप लिया जा सकेगा। इससे बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं को नई गति मिलेगी और बच्चों में कुपोषण की समस्या को जड़ से खत्म करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचेगा।
सीएम योगी ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये नई कार्यकत्रियां पूरी निष्ठा के साथ गांवों और मोहल्लों में महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेंगी। इस कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस डिजिटल पहल का स्वागत किया।